Site icon Dainik Savera Times

स्वाइन फ्लू से घबराएं नहीं, बरतें सावधानी

Do not panic about swine flu : लुधियाना। स्वाइन फ्लू (H1N1) को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने कहा कि बीमारी से घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई रखने, हाथ धोने, भीड़भाड़ से बचने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू के लक्षण आम सर्दी-ज़ुकाम जैसे हो सकते हैं, जिनमें बुखार, नाक बहना, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और कभी-कभी सांस लेने में तकलीफ़ शामिल है। सलाह दी गई कि अगर ऐसे लक्षण दिखें तो तुरंत नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क करें। डॉ. रमनदीप कौर ने लोगों से अपील की कि वे कम से कम 20 सेकंड तक साबुन और पानी से हाथ धोएं, खांसते या छींकते समय रुमाल या अपनी कोहनी से मुंह और नाक को ढकें और इस्तेमाल किए गए टिश्यू को कूड़ेदान में डालें। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि अगर वे बीमार महसूस करें तो घर पर ही रहें और भीड़-भाड़ वाली जगहों, मेलों और सार्वजनिक समारोहों में जाने से बचें। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि बिना हाथ धोए अपनी आंखों, नाक और मुंह को न छुएं, पौष्टिक खाना खाएं, ज़्यादा पानी पिएं, पूरी नींद लें और हल्की-फुल्की कसरत करें। उन्होंने खास तौर पर कहा कि अगर स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण हों, तो खुद से दवा न लें और डॉक्टर की सलाह लें।
Exit mobile version