Site icon Dainik Savera Times

जालंधर के प्रमुख दोआबा चौक को मिली नई पहचान ‘बाबा हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन’ को समर्पित किया चौक

जालंधर: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत व मेयर वनीत धीर ने रविवार को जालंधर के प्रमुख दोआबा चौक का लोकार्पण किया। चौक का व्यापक नवीनीकरण कर इसे एक नई और विशिष्ट पहचान दी गई है। भारतीय शास्त्रीय संगीत को समर्पित इस चौक में वीणा, शहनाई और तबले की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन की गौरवशाली 150 साल की परंपरा को समर्पित करते हुए चौक का नाम ‘श्री बाबा हरिवल्लभ‘ के नाम पर रखा गया है।

इस अवसर पर पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली, जालंधर के मेयर विनीत धीर, जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, पंजाब एग्रो एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन के चेयरमैन मंगल सिंह बस्सी, हलका जालंधर सैंट्रल के इंचार्ज नितिन कोहली, हलका जालंधर नार्थ के इंचार्ज दिनेश ढल्ल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि संगीत वाद्य यंत्रों की ये प्रतिमाएं न केवल चौक के सौंदर्य को बढ़ाएंगी, बल्कि देश की समृद्ध संगीत विरासत और सांस्कृतिक परंपरा को भी सामने लाएंगी।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की विशेष मुहिम के तहत शहर के चौकों और चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और इससे पहले भी कई चौकों को आधुनिक डिजाइनों के साथ नई पहचान दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नया स्वरूप मिलने के बाद यह चौक शहरवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गौरवशाली परंपरा का अनुभव कराएगा। साथ ही उन्होंने चौकों की देखरेख और रख-रखाव में स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोग कर रही निजी संस्थाओं के प्रयासों की भी सराहना की। इस मौके पर तरणदीप सिंह सन्नी, संजीव भगत, पार्षद दीपक शारदा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Exit mobile version