पंजाबः पटियाला में एक कपल पर घर में रखे पिटबुल के हमले के बाद इस ब्रीड के कुत्तों को घरों में रखने पर सवाल उठने लगे हैं। वेटेरिनरी डॉक्टर जसविंदर सिंह जस्सी ने पिटबुल की ब्रीड, फिजिकल बनावट और नेचर के बारे में जानकारी दी है।
डॉ. जस्सी के मुताबिक, पिटबुल भी नॉर्मल कुत्ते जैसा ही होता है, लेकिन इसका शरीर काफी मजबूत होता है और जबड़े बड़े होते हैं। इस वजह से अगर कोई इंसान इसकी चपेट में आ जाए तो उसे छुड़ाना मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने कहा कि यह सच नहीं है कि पिटबुल सिर्फ लोगों को काटने के लिए ही जाने जाते हैं। उनके एक्सपीरियंस के मुताबिक, पिटबुल बहुत प्यार करने वाले भी होते हैं। हालांकि, अगर कुत्ते को ज्यादा देर तक बांधकर रखा जाए तो उसमें चिड़चिड़ापन या गुस्सैल बिहेवियर आ सकता है।
डॉ. जस्सी ने लोगों को सलाह दी कि कुत्ते के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए और बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करके एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए।
बीते दिन हुआ था मामला
बता दें पटियाला के घुमन नगर इलाके से पिटबुल कुत्ते के हमले का एक डरावना वीडियो सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी प्रॉपर्टी डीलर के साथ घर देखने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने घर का दरवाजा खुलवाने के लिए घंटी बजाई। इसी दौरान अंदर मौजूद पिटबुल अचानक बाहर निकला और दोनों पर झपट पड़ा। कुत्ते ने पति-पत्नी को संभलने का मौका तक नहीं दिया। अचानक हुए हमले से दोनों घबरा गए और खुद को बचाने की कोशिश करने लगे।
हमले के दौरान पति-पत्नी ने पिटबुल से बचने की काफी कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने भी उनकी मदद करने और कुत्ते को दूर करने का प्रयास किया। लेकिन कुत्ते ने दोनों को कई जगह काट चुका था। हमले में पति-पत्नी के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पिटबुल के हमले में घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।

