Patiala: राजेंद्रा अस्पताल में मंगलवार शाम लगभग 5:30 बजे वार्ड 4 के पास एक कुत्ता एक शिशु का सिर ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डॉ. बलबीर सिंह ने अस्पताल के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को मामले की सभी पहलुओं से जांच करने के निर्देश दिए हैं। बरामद सिर को जांच के लिए फोरेंसिक टीम को सौंप दिया गया है। राजेंद्रा अस्पताल के मैडीकल सुपरिंटैंडैंट डॉ. विशाल चोपड़ा ने एक प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की, जिसमें कहा गया है कि हाल ही में जन्मे सभी शिशु वार्ड में मौजूद हैं और अस्पताल से कोई भी नवजात शिशु गायब नहीं है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में अस्पताल में तीन बच्चों की मौत की सूचना मिली है और सभी आवश्यक दस्तावेज़ी औपचारिकताएं, जिनमें उचित हस्ताक्षर भी शामिल हैं, पूरी करने के बाद सभी शव उनके परजिनों को सौंप दिए गए हैं।
डॉ. चोपड़ा ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर ऐसा नहीं लगता कि यह घटना अस्पताल के अंदर से शुरू हुई है। उन्होंने कहा ऐसा लगता है कि किसी ने बाहर से शिशु के अवशेष फेंके हैं। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित कर दिया है और मामले के तथ्य पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है और यह सुनिश्चित करेगी कि जांच पूरी तरह से की जाए। एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने कहा है कि सूचना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आ गई है और अस्पताल में लगे सभी सीसीटीवी की फुटेज चैक किए जा रहे हैं। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

