Site icon Dainik Savera Times

मोगा में रेहड़ियों-ढाबों पर घरेलू सिलिंडर का खेल, हादसे का खतरा

Domestic LPG Cylinders Used at Moga Food Stalls : मोगा। शहर में रेहड़ियों, ढाबों और खान-पान की दुकानों पर घरेलू एलपीजी सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल का मामला सामने आया है। चूल्हों के पास रखे सिलिंडर और ज्वलनशील सामान के बीच खुले में खाना पकाने से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। फूड इंस्पेक्टर ने नियमों के उल्लंघन पर जल्द चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की बात कही है।

खुले में इस तरह गैस सिलिंडर जलाकर खाना तैयार करने से नियमों की अनदेखी के साथ सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नियमों के अनुसार व्यावसायिक गतिविधियों के लिए घरेलू एलपीजी सिलिंडर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। रेहड़ी, ढाबा, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में खाना पकाने के लिए निर्धारित व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। व्यावसायिक उपयोग के लिए सामान्य तौर पर 19 किलोग्राम क्षमता वाले सिलिंडर उपलब्ध होते हैं।

इसके बावजूद कई स्थानों पर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस्तेमाल होने वाले सिलिंडरों से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।चूल्हे के पास ही रखे रहते हैं सिलिंडर शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियों पर दिनभर खुले में खाना पकाया जाता है। कई जगहों पर चूल्हे के बिल्कुल पास ही गैस सिलिंडर रखे दिखाई देते हैं। रेहड़ियों के आसपास ग्राहकों और राहगीरों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है।

ऐसे में गैस पाइप, रेगुलेटर या अन्य उपकरण में खराबी आने अथवा गैस रिसाव होने पर आग लगने का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर सिलिंडरों के आसपास प्लास्टिक, कागज, तेल और अन्य ज्वलनशील सामान भी रखा रहता है। खुलेआम इस्तेमाल, फिर भी जांच पर सवाल रेहड़ियों और ढाबों पर घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल ऐसी गतिविधि है, जिसे खुले में आसानी से देखा जा सकता है।

इसके बावजूद नियमित जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि संबंधित विभागों की ओर से समय-समय पर बाजारों, सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियों और ढाबों की जांच की जाए तो नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि धरातल पर भी दिखाई देनी चाहिए। यदि किसी व्यावसायिक प्रतिष्ठान में घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल मिलता है तो नियमानुसार कार्रवाई के साथ संचालकों को व्यावसायिक सिलिंडर के इस्तेमाल और सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए।

नियमों का पालन पहले से सुनिश्चित हो : कुलविंदर शर्मा एडवोकेट कुलविंदर शर्मा ने कहा कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। घरेलू सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल को रोकने के लिए नियमित जांच जरूरी है। इससे नियमों का पालन करवाने के साथ संभावित आगजनी की घटनाओं को रोकने में भी मदद मिल सकती है। हादसे से पहले दुरुस्त हो सुरक्षा व्यवस्था रेहड़ियों और छोटे ढाबों पर गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल अक्सर भीड़भाड़ वाले इलाकों में होता है। आसपास वाहनों की आवाजाही, ग्राहकों की भीड़ और ज्वलनशील सामान होने के कारण सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से शहर व आसपास के क्षेत्रों में रेहड़ियों, ढाबों तथा अन्य खान-पान की दुकानों की जांच कराने की मांग की है।

साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा है कि व्यावसायिक स्थानों पर निर्धारित व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर और सुरक्षित उपकरणों का ही इस्तेमाल हो। शहर में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा : धालीवाल फूड इंस्पेक्टर जगदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक स्थल पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। कई बार घरेलू गैस सिलिंडर जब्त भी किए जा चुके हैं। यदि ऐसे मामले दोबारा सामने आते हैं तो जल्द ही शहर में चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version