Site icon Dainik Savera Times

डेराबस्सी में चाचा को गोली मारी, शव पानीपत में ले जाकर दोस्त की हत्या

double-murder-derabassi-and-panipat

double-murder-derabassi-and-panipat

Double Murder Derabassi and Panipat : पानीपत। पंजाब के डेराबस्सी से शुरू हुई एक खौफनाक वारदात ने हरियाणा के पानीपत तक सनसनी फैला दी। आरोप है कि एक युवक ने पहले अपने सगे चाचा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने चाचा के शव को कार में रखा और कई किलोमीटर का सफर तय कर पानीपत पहुंच गया। यहां उसने अपने एक दोस्त को फोन कर मिलने के लिए बुलाया और फिर उसे भी गोली मार दी।

दो राज्यों में डबल मर्डर ने फैलाई सनसनी

दो राज्यों में फैले इस सनसनीखेज डबल मर्डर ने पुलिस और आम लोगों को हैरान कर दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है। दोनों शवों को दिल्ली-पैरेलल नहर के किनारे फेंक कर आरोपी फरार हो गया। शुरुआती जांच सामने आया कि चाचा की हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की बात सामने आ रही है, जबकि दोस्त की हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

नहर में फेंक दिए दोनों शव

डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार ने बताया कि समालखा थाना क्षेत्र में नहर के पास दो शव मिलने की सूचना मिली थी। दोनों शवों की पहचान कर ली गई है और मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सीआईए और थाना पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि हत्याएं कहीं और की गईं और बाद में शवों को पानीपत लाकर नहर किनारे फेंका गया। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

डीएसपी बोले- एक हरियाणा का दूसरा पंजाब का

डीएसपी ने कहा कि एक मृतक पानीपत का निवासी है जबकि दूसरा पंजाब का रहने वाला था। दोनों की मौत फायर आर्म इंजरी से हुई है। गोलियां शरीर के किन हिस्सों में लगी हैं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। मृतक के दादा बलजीत सिंह ने बताया कि उनका पोता अपने चाचा के साथ पानीपत पहुंचा था। इसी दौरान उसके पास एक युवक साहिल का फोन आया। उसने चाचा से कहा कि वह साहिल से मिलकर तुरंत वापस आ जाएगा। उन्होंने बताया कि युवक मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। बाद में उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा।

अब आम लोगों में डर का माहौल

परिजनों ने उसके कार्यस्थल का दूसरा फोन मिलाया तो वह समालखा पुलिस के पास था। पुलिस ने परिजनों को नहर के पास बुलाया, जहां उन्हें घटना की जानकारी मिली। बलजीत सिंह ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है। मृतक के पिता राम जुआरी ने बताया कि उनका बेटा समालखा की अनाज मंडी स्थित एक सीमेंट स्टोर पर काम करता था। वह रात करीब आठ बजे ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान उसके फोन पर कॉल आई और वह साहिल से मिलने की बात कहकर घर से निकल गया। उन्होंने बताया कि बाद में उसका फोन बंद हो गया।

पुलिस की टीमें कर रही छापेमारी

जब दूसरे नंबर पर संपर्क किया गया तो फोन पुलिस ने उठाया और उन्हें समालखा आने के लिए कहा। रास्ते में पुलिस ने नहर के पास पहुंचने को कहा, जहां बेटे की हत्या की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार मृतक और आरोपी एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। सीआईए और थाना पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Also Read :

Exit mobile version