Site icon Dainik Savera Times

डा. बलबीर सिंह ने पंजाबियों से मिशन चढ़दीकला में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की

पटियाला: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने आज सभी पंजाबियों से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू किए गए मिशन चढ़दीकला में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की। डा. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब में बाढ़ के कारण राज्य में बहुत बड़ी त्रसदी हुई है, जिससे उबरने के लिए पंजाब सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन सभी पंजाबी, जिनमें व्यापारी, अन्य वर्ग के लोग, समाज सेवी संस्थाएं शामिल हैं, इस बड़े कार्य में मदद के लिए आगे आ रहे हैं, जिसके लिए पंजाब सरकार ने मिशन चढ़दीकला का एक मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मदद करने वालों का पैसा इकट्ठा करके उसे बाढ़ प्रभावित जरूरतमंदों की मदद के लिए खर्च करना होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में इस बार पिछले 40 वर्षों में सबसे अधिक नुक्सान हुआ है और इस भयानक बाढ़ ने 2303 गांवों में घर, फसल, सड़कें, पुल, जमीन, दुधारू पशु समेत सब कुछ तबाह कर दिया है, जिसके लिए सभी पंजाबी ‘नानक नाम चढ़दीकला तेरे भाने सरबत दा भला’ नारे के तहत मदद के लिए खुले दिल से आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि इसके तहत उन्होंने पहले अपना 1.25 लाख रुपये का वेतन मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान किया था और अब वह 1.25 लाख रुपए दान कर रहे हैं। डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि अब बाढ़ के बाद, स्वास्थ्य विभाग महामारी को फैलने से रोकने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है और बाढ़ के दौरान भी प्रभावित लोगों की 24 घंटे मदद के लिए 848 टीमें बनाई गईं।

उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण स्वास्थ्य विभाग को 780 करोड़ रुपए का नुक्सान भी हुआ है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने विशेष कैंप लगाकर अब तक 1.42 लाख लोगों की जाँच की है और 87 प्रकार की दवाइयां मु़फ्त दी गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बाढ़ के बाद सबसे ज्यादा चर्म रोग सामने आए हैं और 22,000 मरीजों में इसके लक्षण पाए गए हैं, 19 हजार बुखार के मरीज, 10 हजार आँखों की समस्या, 4500 डायरिया के मामले और सांप के काटने से 16 मौतें हुई हैं। अब विभाग डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया, हैजा और अन्य जानलेवा बीमारियों की रोकथाम के लिए 92 लाख घरों तक पहुंच चुका है, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी आशा वर्करों के काम की सराहना की है।

ये भी पढ़ें- भारत ने न्यूजीलैंड को दिया पहाड़ जितना टारगेट, आखिरी ओवर में दूबे ने ठोके 24 रन

Exit mobile version