पटियाला: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा तथा पार्टी महासचिव गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने आज समाना में हुए दुखद हादसे में मारे गए छह छात्रों तथा चालक के परिवारों से मुलाकात की तथा अपना दुख व्यक्त किया। परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डा. दलजीत सिंह चीमा और गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने कहा कि यह बहुत दुखद हादसा है, जिसमें परिवार के 6 बच्चों और ड्राइवर की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि परिवार के किसी सदस्य की क्षति की भरपाई जीवन भर नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि माता-पिता के लिए यह देखना और भी अधिक पीड़ादायक होता है कि उनके बच्चे इतनी कम उम्र में इस नश्वर दुनिया से चले गए। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और पूरा नेतृत्व इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस मौके पर समाना हलके से जसमीत सिंह हरियाउ और अमरजीत सिंह पंजरथ, जिला शहरी अध्यक्ष अमित राठी, यूथ अकाली दल के जिला ग्रामीण अध्यक्ष अमृतपाल सिंह लंग, शहरी अध्यक्ष करमवीर सिंह साहनी, पूर्व एमसी सुखविंदरपाल सिंह मिंटा, गोपाल शर्मा और अन्य नेता शामिल रहे।

