Site icon Dainik Savera Times

डॉ. पार्थ बिस्वास ने कोट ईसे खां में किया ग्राम संवाद, लोगों की सुनीं समस्याएं

मोगा: राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य डॉ. पार्थ बिस्वास ने वीरवार को पंडिता वाली धर्मशाला, कोट ईसे खां में ग्राम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करते हुए अनुसूचित जातियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों और उन्हें पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की।

ग्राम संवाद के दौरान डॉ. पार्था बिस्वास ने लोगों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव ध्यानपूर्वक सुने। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य लोगों के साथ सीधा संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके उचित समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. पार्था बिस्वास ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना और समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसके अलावा डॉ. पार्था बिस्वास ने रेस्ट हाउस मोगा में डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह और एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल सहित विभिन्न जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान अनुसूचित जातियों से संबंधित मामलों और लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की गई, जिला प्रशासन की ओर से डॉ. पार्था बिस्वास का स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version