Dr. Rupinder suicide case : अमृतसर। खालसा कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपिंदर सिंह की आत्महत्या के मामले में एसोसिएशन ऑफ़ यूनाइटेड कॉलेज टीचर्स (AUCT) पंजाब एवं चंडीगढ़ ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. करमजीत सिंह की चुप्पी पर कड़ा एतराज़ जताया है संगठन के अध्यक्ष प्रो. तरुण घई ने आरोप लगाया कि शिक्षक के कथित आर्थिक शोषण और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की असंवेदनशीलता चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो शिक्षक समुदाय वाइस चांसलर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगा।
शिक्षक संगठन ने उठाए शोषण के आरोप

VC की चुप्पी पर शिक्षकों का रोष
घई ने कहा कि हम लंबे समय से कॉलेज मैनेजमेंट द्वारा शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय और शोषण की ओर आपका ध्यान आकर्षित करने के लिए लगातार आपको पत्र लिख रहे हैं। इस दुखद घटना के बाद भी, हमने आपको इस बहुमूल्य जीवन के दुखद नुकसान के बारे में सूचित करने के लिए पत्र लिखा और आपसे मिलने का समय भी मांगा। लेकिन यह अत्यंत दुख और खेद की बात है कि न तो आपने अपनी यूनिवर्सिटी के ठीक पास हुई इस दिल दहला देने वाली घटना पर कोई गंभीर ध्यान दिया और न ही एक हफ़्ता बीत जाने के बाद भी हमारी मुलाकात की अपील का जवाब देना ज़रूरी समझा। आपकी यह चुप्पी हमें बेहद असंवेदनशील और अमानवीय लगती है। इसलिए, हम आपको सूचित करते हैं कि डॉ. रूपिंदर सिंह को न्याय दिलाने और शिक्षक समुदाय के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाने के लिए हम जल्द ही आपके कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।