Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

12 नवंबर को जारी होगी मोगा जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

November 11, 2026

12 नवंबर को जारी होगी मोगा जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

Draft Voter List to Be Published on November 12 : मोगा। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी कड़ी में जिला मोगा की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को किया जाएगा।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत जारी होने वाली इस ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिले के सभी योग्य नागरिक अपने नाम, पते और अन्य जरूरी विवरणों की जांच कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें और समय रहते मतदाता सूची में अपनी जानकारी की पुष्टि अवश्य करें। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी सागर सेतिया ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक योग्य नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न रह जाए।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने जा रहे नागरिकों से अपील की कि वे अपना वोट बनवाने के लिए आगे आएं। इसके साथ ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम और विवरण भी जांचें, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 11 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। इस दौरान जिन योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे अपना नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जिन मतदाताओं के नाम, पते या अन्य विवरणों में कोई गलती है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन करवा सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। **युवाओं के लिए विशेष अवसर, 14 और 15 नवंबर को लगेंगे कैंप** मतदाताओं की सुविधा के लिए 14 और 15 नवंबर को शनिवार और रविवार के दिन जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपलब्ध रहेंगे और योग्य नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में सहायता करेंगे।

जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो रही है और अभी तक उनका वोट नहीं बना है, वे इन कैंपों में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि नया वोट बनवाने के लिए योग्य नागरिक ईसीआईनेट (ECINET) ऐप, वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बीएलओ या संबंधित उपमंडल कार्यालय में फॉर्म नंबर-6 जमा करवाकर भी वोट बनवाया जा सकता है। मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में संशोधन करवाने के लिए फॉर्म नंबर-8 भरना होगा।

किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है। जिले में बनाए गए हैं 834 मतदान केंद्र जिला मोगा में चार विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत कुल 834 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र 071-निहाल सिंह वाला (अ.जा.) में 204, 072-बाघापुराना में 185, 073-मोगा में 231 और 074-धर्मकोट में 214 मतदान केंद्र शामिल हैं। प्रशासन की ओर से इन सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारू ढंग से पूरा करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 12 नवंबर को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और किसी भी तरह की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित समय के भीतर संबंधित फॉर्म जमा करवाएं। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। प्रत्येक योग्य नागरिक को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, जिससे कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें