Drone Shows in Moga from 15 to 18 : मोगा। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के कार्यक्रमों के तहत मोगा जिले में 15 से 18 सितंबर तक चार विशेष ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।
निहाल सिंह वाला, बाघापुराना, मोगा और धर्मकोट में होने वाले इन शो के माध्यम से आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुति के जरिए गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, शिक्षाओं तथा समानता, भाईचारे और मानवतावादी दर्शन को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इनके माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के महान जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा सर्व-साझे और समानता पर आधारित समाज की स्थापना संबंधी उनके क्रांतिकारी दर्शन को आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुति के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। ड्रोन शो 15 सितंबर को दाना मंडी निहाल सिंह वाला, 16 सितंबर को संत बाबा गुरमेल सिंह ग्राउंड, बाघापुराना, 17 सितंबर को दाना मंडी मोगा और 18 सितंबर को दाना मंडी धर्मकोट में आयोजित किए जाएंगे।
डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने बताया कि इन शानदार ड्रोन शो में आकाश में तालमेल के साथ बनाई जाने वाली विभिन्न ड्रोन आकृतियों, प्रभावशाली नरेशन और कहानी प्रस्तुति के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और दर्शन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु जी का समानता, भाईचारे, दया, मानवीय सम्मान और सामाजिक न्याय का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि ये ड्रोन शो श्री गुरु रविदास महाराज जी को उचित श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके अमर संदेश को नई पीढ़ी तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने का एक अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा, “यह केवल एक ड्रोन शो नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को गुरु जी के समानता और मानवीय भाईचारे के संदेश से जोड़ने वाली एक शक्तिशाली प्रस्तुति है।”
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर गुरु जी के सर्व-साझे और मानवतावादी दर्शन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और नए संचार माध्यमों का भी उपयोग किया जा रहा है। सागर सेतिया ने जिले के निवासियों से अपील की कि वे इन ड्रोन शो में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्री गुरु रविदास महाराज जी के महान जीवन और मानवता की भलाई के लिए दिए गए उनके संदेश को समझें तथा उसे अपने जीवन में अपनाएं।

