जालंधर: जालंधर के बस्ती इलाके में घास मंडी चौक के पास स्थित दशहरा ग्राउंड में कुछ युवकों द्वारा नशा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ युवक मैदान में बैठकर कथित तौर पर नशे का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों की वीडियो बना ली और उन्हें पकड़कर इसका विरोध किया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दशहरा ग्राउंड में पहले भी नशे से जुड़ी गतिविधियां सामने आती रही हैं। लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले इसी स्थान पर नशे के कारण एक युवक की मौत होने की घटना भी सामने आई थी। इसके बावजूद मैदान में नशे की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है, जिससे आसपास के लोगों में रोष है।
बताया जा रहा है कि दशहरा ग्राउंड प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने नशा कर रहे युवकों को पकड़ लिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई और दोबारा मैदान में नशा न करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए।
घटना का वीडियो बाद में इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से दशहरा ग्राउंड में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा नशे की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र के माहौल पर भी असर पड़ रहा है।
📍 Location: दशहरा ग्राउंड (जालंधर)