पंजाब में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ अपने अंतिम पड़ावों की ओर बढ़ रही है। 18 सितंबर को पठानकोट के सुजानपुर से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान प्रदेश के विभिन्न गांवों और कस्बों में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। कई स्थानों पर परिवारों की कई पीढ़ियों ने भी अभियान से जुड़कर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।
यात्रा के अहमदगढ़ पहुंचने पर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका स्वागत किया। जिला अध्यक्ष जगत कथुरिया, मंडल अध्यक्ष अमित करीर और हीरा सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, राज्य नेता जीवन गुप्ता, गेजा राम, राज कुमार भाटिया सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज के स्तर पर जागरूकता और सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है।
कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने ‘नशा मुक्त पंजाब’ के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

