मोगा: भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही नशा मुक्त पंजाब यात्रा के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए पूरे प्रदेश में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह यात्रा 25 सितंबर को पंजनगराईं कलां से जिला मोगा में प्रवेश करेगी और 25 से 27 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए चारों विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। राज्य स्तर पर यह अभियान नशे के खिलाफ लोगों को लामबंद करने और इस मुद्दे को सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि नशा पंजाब के भविष्य और युवा पीढ़ी से जुड़ा एक गंभीर सामाजिक मुद्दा है। इसलिए नशे के खिलाफ समाज के हर वर्ग को अपना सहयोग देना चाहिए। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि भाजपा द्वारा नशे के खात्मे के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है, जिसके तहत पहले चरण में जन-जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पंजाब यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि इसके अगले चरण में भाजपा द्वारा देशभर में 315 नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की योजना बताई गई है, जिसमें पंजाब के 16 जिलों को शामिल किया गया है। इसके बाद युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के कोर्सों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
यह किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी हैः कमल
डॉ. हरजोत कमल ने मोगा जिले की सभी धार्मिक, सामाजिक, गैर-सरकारी संस्थाओं, युवा संगठनों और नशे के खिलाफ काम कर रहे जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक मंच के रूप में नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान के रूप में चलाई जा रही है। उन्होंने अपील की कि आइए, राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर पंजाब के युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए मिलकर प्रयास करें, ताकि इसके सार्थक परिणाम सामने आ सकें।
समाज के गंभीर मुद्दे के लिए सभी से मांगा सहयोग
डॉ. हरजोत कमल ने नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने वाले किसी भी अभियान में रुकावट डालने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब की माताओं, बहनों और महिलाओं की स्थिति देखिए, जिनके परिवार के सदस्य नशे की भेंट चढ़ गए हैं। उनका दर्द शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का विरोध करने की बजाय सभी राजनीतिक और सामाजिक वर्गों को सहयोग की भावना के साथ आगे आकर समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे का मुद्दा किसी एक पार्टी या वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे पंजाब के भविष्य से जुड़ा मामला है। इसलिए इस पर राजनीतिक टकराव की बजाय सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से काम करने की आवश्यकता है।
अंत में उन्होंने मोगा जिले के सभी निवासियों से नशा मुक्त पंजाब की इस मुहिम में अपना सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति या संस्था इस अभियान में योगदान देना चाहती है, वह जिला भाजपा कार्यालय, दुन्नेके, मोगा में संपर्क कर सकती है।
📍 Location: मोगा

