Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में नशे का खतरा राष्ट्रीय सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा: अनुराधा बंगा

जालंधर: महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा बंगा ने कहा कि नशे की लत, बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवाओं का आपराधिक गिरोह अपने हितों के लिए शोषण कर सकते हैं। इसलिए सीमा पार से जुड़े आपराधिक नेटवर्क की रिपोर्टों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

अनुराधा बंगा ने कहा कि पंजाब की अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा मजबूत करने के साथ सीमावर्ती गांवों और कस्बों का आर्थिक विकास भी जरूरी है। अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट और बटाला सहित पूरे पंजाब में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाने चाहिए। मशीन टूल्स और इंजीनियरिंग उद्योगों को पुनर्जीवित करके हजारों युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है। इसके लिए केंद्र और पंजाब सरकार को विशेष औद्योगिक पैकेज, कौशल विकास केंद्र और निवेश को बढ़ावा देने वाली नीतियां लागू करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस कार्रवाई से नहीं जीती जा सकती। तस्करों पर सख्त कार्रवाई के साथ नशे के आदी युवाओं के इलाज, पुनर्वास, शिक्षा और रोजगार पर भी ध्यान देना होगा। अनुराधा बंगा ने दोनों सरकारों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर व्यापक विकास एवं सुरक्षा योजना बनाने की अपील की। युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखकर रोजगार, उद्योग और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की मांग है।

📍 Location: जालंधर कांग्रेस भवन (जालंधर)

Exit mobile version