जालंधर: महानगर के बस्ती पीरदाद रोड पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार फॉच्र्यूनर गाड़ी चला रहे एक युवक ने नशे की हालत में कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया और सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी इतनी तेज गति से आ रही थी कि चालक संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते सड़क पर खड़े दोपहिया वाहनों समेत कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान गाड़ी के एयरबैग तक खुल गए और अंत में वाहन सड़क किनारे लगे एक खंभे से जा टकराया, जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी रोष फैल गया और आसपास के लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक स्पष्ट रूप से नशे में धुत दिखाई दे रहा था और सही तरीके से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि बताया जा रहा है कि पुलिस जब उसे थाने ले जाने की तैयारी कर रही थी तो युवक कुछ दूरी पर जाकर गाड़ी से उतरकर भाग निकला और खुद को बचाने के लिए पास से गुजर रही नहर में छलांग लगा दी।
अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। तुरंत पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में तलाश शुरू की गई, जिसके बाद कुछ देर की मशक्कत के बाद युवक को नहर से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार गाड़ी ने रास्ते में एक रिक्शा को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा पलट गया। उस समय रिक्शा में एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ बैठी हुई थी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए दोनों को निजी वाहन की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है और इलाज जारी है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत और गुस्से का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गाड़ी खंभे से न टकराती तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई और लोगों की जान जा सकती थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके मेडिकल परीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वह किस प्रकार के नशे में था। साथ ही हादसे में घायल लोगों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान जोखिम में न पड़े।

