Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे में धुत हैड कांस्टेबल ने 2 एक्टिवा सवारों को मारी टक्कर, लोगों ने घेरकर पकड़ा

May 16, 2026

नशे में धुत हैड कांस्टेबल ने 2 एक्टिवा सवारों को मारी टक्कर, लोगों ने घेरकर पकड़ा

चंडीगढ़ : वीरवार देर रात मनीमाजरा में शराब के नशे में धुत एक हेड कांस्टेबल ने अपनी कार से दो एक्टिवा सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान हेड कांस्टेबल जयपाल के रूप में हुई है, जो इन दिनों नगर निगम में ड्यूटी पर तैनात बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे मनीमाजरा सिविल अस्पताल के पीछे सड़क पर एक्टिवा सवार कुलदीप चंद जा रहा था। इसी दौरान वेन्यू कार चला रहे हेड कांस्टेबल जयपाल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कुलदीप चंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर आया है। पहले हादसे के बाद आरोपी मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर मोरी गेट बाजार में उसने एक अन्य एक्टिवा चालक को भी टक्कर मार दी। दूसरी घटना के बाद बाजार में मौजूद लोगों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। लोगों को शक हुआ कि चालक नशे में है। इसके बाद तुरंत मनीमाजरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हेड कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया। देर रात तक पुलिस उसका मेडिकल करवाने में जुटी रही, जबकि घायल कुलदीप चंद का अस्पताल में उपचार चल रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जयपाल कुछ समय पहले सैक्टर-32 अस्पताल से मनोचिकित्सक (साइकैट्रिस्ट) का इलाज करवाकर दोबारा ड्यूटी पर लौटा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वह किस हालत में ड्यूटी पर था और उसने शराब कितनी मात्रा में पी रखी थी। मनीमाजरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें