Site icon Dainik Savera Times

रीकास्ट सूचियों से प्रभावित शिक्षकों के समर्थन में उतरा डीटीएफ, शो-कॉज नोटिस रद्द करने की मांग

मोगा: रीकास्ट सूचियों से प्रभावित शिक्षकों के समर्थन में डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) पंजाब ने सरकार से सेवा समाप्ति संबंधी शो-कॉज नोटिस तत्काल रद्द करने की मांग की है। संगठन ने ऐलान किया कि 16 अगस्त को संगरूर में होने वाली रैली में पंजाब भर से डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट के कार्यकर्ता और शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल होकर अपना समर्थन देंगे।

डीटीएफ पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजयपाल शर्मा, जिला मोगा अध्यक्ष सुखपालजीत सिंह और कार्यकारी सचिव सुखविंदर सिंह घोलियां ने कहा कि पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन हुई 4161 मास्टर कैडर, 2392 मास्टर कैडर, 6635 ईटीटी कैडर और 3704 मास्टर कैडर भर्तियों की चयन सूचियां विभागीय व दफ्तरी गलतियों के कारण अलग-अलग आधारों पर रीकास्ट की गई हैं।

उन्होंने कहा कि रीकास्ट सूचियों के कारण लंबे समय से स्कूलों में सेवाएं दे रहे कई शिक्षकों को चयन सूची से बाहर कर दिया गया तथा उनकी सेवाएं समाप्त करने संबंधी शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 4161 मास्टर कैडर भर्ती के 253, 2392 मास्टर कैडर के 40, 6635 ईटीटी भर्ती के 108 और 3704 मास्टर कैडर भर्ती के 117 शिक्षक प्रभावित हुए हैं। आगूओं ने कहा कि 4161 मास्टर कैडर और 6635 ईटीटी कैडर भर्ती के प्रभावित शिक्षकों का तीन वर्ष का प्रोबेशन पीरियड पूरा होने के बावजूद उसे क्लीयर नहीं किया गया है।

इसके अलावा उन्हें तबादलों में भी अवसर नहीं दिया गया।जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह झोड़ड़ा, उपाध्यक्ष स्वर्णदास, संयुक्त सचिव अमनदीप माछीके और वित्त सचिव गुरशरण सिंह ने मांग की कि शिक्षकों को जारी किए गए शो-कॉज नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं, उनका भविष्य सुरक्षित किया जाए और प्रोबेशन पीरियड तत्काल क्लीयर कर पंजाब पे-स्केल के अनुसार बनते लाभ दिए जाएं।

आगूओं ने कहा कि स्कूलों में पहले ही शिक्षकों की भारी कमी है। ऐसे में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को रीकास्ट सूचियों के आधार पर नौकरी से हटाने की नीति उचित नहीं है। सरकार को इस संवेदनशील मामले का जल्द समाधान करना चाहिए।इस अवसर पर अमरदीप सिंह बुट्टर, जगजीत सिंह रणियां, नरेंद्र सिंह, दीपक मित्तल, नवदीप सिंह, ममता कौशल सहित जिला कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version