Site icon Dainik Savera Times

मानसून के कारण कालोनी निवासियों को सताने लगी बाढ़ की चिंता

रूपनगर: मानसून सीजन शुरू हो चुका है लेकिन कुछ कालोनी निवासियों की चिंताएं भी बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार गत वर्ष जब वर्षा शुरू हुई थी तो कई कालोनियों में वर्षा का पानी भर गया था। जिसको लेकर भारी नुकसान भी हुआ और यहां तक कि कुछ कालोनी निवासियों ने निजी खर्चे पर जेसीबी मशीन मंगवाकर पानी की निकासी करवाई थी। जानकारी अनुसार 10 कालोनियों के प्रतिनिधियों ने एकत्रित होकर एक संस्था का गठन किया तथा प्रशासनिक अधिकारियों को पानी की निकासी के लिए कई बार मांग पत्र भी दिए गए।

सूत्रों के अनुसार प्रशासन द्वारा 2 वर्ष पूर्व पानी की निकासी के लिए लगभग 14 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार कर सरकार को भेजा गया था, लेकिन उक्त प्रोजेक्ट अभी तक अधर में लटका है। जिसको लेकर 10 कालोनियों के प्रतिनिधियों ने गहरा रोष प्रकट किया है। इस संबंधी रंजीत एवेन्यू रैजीडैंटस वैल्फेयर एसो. के अध्यक्ष राजिंदर सिंह ननूआ ने बताया कि उक्त कालोनियों में वर्षा के कारण भारी नुकसान होता है। जिसको लेकर 14 करोड़ की लागत से एक प्रोजेक्ट भी तैयार किया गया, लेकिन 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी उक्त प्रोजैक्ट अभी तक अधर में लटका है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही नए डीसी वरजीत वालिया से मुलाकात की जाएगी।

ये भी पढ़ें- ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता जरूरी, 2030 तक भारत बने ग्लोबल हब: राजनाथ सिंह

Exit mobile version