Site icon Dainik Savera Times

Moga : GST बकाया पर सख्ती, 20 मरले जमीन होगी नीलाम

Due to outstanding GST, 20 marlas of land will be auctioned : मोगा। जीएसटी विभाग ने बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एक करोड़ रुपये से अधिक के जीएसटी बकाया मामले में विभाग ने एक व्यापारी की 20 मरले जमीन अटैच कर ली है, जिसकी 24 अगस्त को नीलामी की जाएगी। विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि समय पर सरकारी बकाया जमा न करने पर बैंक खाते और संपत्तियां भी अटैच की जा सकती हैं। इस संबंध में ACST (असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स) मनु गर्ग तथा STO (स्टेट टैक्स ऑफिसर) चमन लाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जेएमसी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर जीएसटी विभाग की एक करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि थी। विभागीय कार्रवाई के दौरान जब पता चला कि संबंधित व्यापारी की तहसील बाघापुराना के गांव कालेके में 20 मरले जमीन है, तो विभाग ने उक्त संपत्ति को मामले के साथ अटैच कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि अब विभाग द्वारा इस संपत्ति की 24 अगस्त को नीलामी कर बकाया राशि की वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश है, जो सरकारी विभागों की बनती अदायगी को समय पर जमा नहीं करवाते। ACST मनु गर्ग ने व्यापारियों से अपील की कि वे जीएसटी सहित सरकारी विभागों की बनती राशि समय पर अदा करें, ताकि भविष्य में उनकी जायदाद या बैंक खाते अटैच होने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर अदायगी करने से व्यापारी अनावश्यक कानूनी एवं आर्थिक परेशानी से बच सकते हैं। मनु गर्ग ने आम लोगों और इच्छुक खरीदारों से 24 अगस्त को होने वाली 20 मरले जमीन की नीलामी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोग विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।
Exit mobile version