Site icon Dainik Savera Times

सड़क पर सीवरेज की गाद डालने से मचा हड़कंप, श्रद्धालुओं को हुई परेशानी

नवांशहर : एक तरफ जिला प्रशासन और नगर परिषद की ओर से शहर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सफाई व्यवस्था में लापरवाही का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार सुबह नगर परिषद नवांशहर की ओर से ठेके पर रखे सफाई कर्मचारियों ने सुपर सक्शन मशीन से सीवरेज की निकाली गई गाद को मूसापुर रोड स्थित कूड़े के डंप के बाहर सड़क पर ही डाल दिया।

सड़क पर गाद का ढेर लगने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गाद से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण लोगों को नाक-मुंह ढककर वहां से गुजरना पड़ा। मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इन दिनों गांव मजारा नौ आबाद स्थित नाभ कंवल राजा साहब जी के दरबार में 86वीं बरसी को समर्पित तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन चल रहा है। नौ, 10 और 11 सितंबर को आयोजित किए जा रहे इस धार्मिक समागम में शहर और आसपास के गांवों से रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

नवांशहर और आस-पास के श्रद्धालु मूसापुर रोड से होकर ही बड़ी संख्या में उक्त धार्मिक स्थल की ओर जाते हैं। इनमें वाहन और दोपहिया वाहनों से जाने वाले श्रद्धालुओं के अलावा हजारों की संख्या में संगत नंगे पांव भी दरबार में नतमस्तक होने के लिए पहुंचती है। ऐसे में सड़क पर सीवरेज की गाद बिखरी होने से श्रद्धालुओं को विशेष परेशानी हुई। गंदगी और दुर्गंध के बीच नंगे पांव गुजरना श्रद्धालुओं के लिए मुश्किल हो गया।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने नगर परिषद की इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस सड़क से रोजाना हजारों लोग गुजर रहे हैं, वहां सीवरेज की गाद डालना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है। इससे न केवल शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठते हैं, बल्कि धार्मिक आयोजन में शामिल होने वाली संगत की भावनाओं को भी ठेस पहुंचती है।

Exit mobile version