Site icon Dainik Savera Times

महिलाओं की आर्थिक आजादी का साल होगा 80वां स्वतंत्रता दिवस : मान

economic-independence-of-women-mann : फिरोजपुर। कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पंजाब की महिलाओं के लिए इस स्वतंत्रता दिवस को ‘आर्थिक आजादी’ का साल बताया। उन्होंने कहा कि ‘मां-धियां सत्कार योजना’ के तहत पंजीकृत 74.59 लाख महिलाओं में से 65 लाख से अधिक महिलाओं को सम्मान राशि मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नशे के खिलाफ अभियान और नहर के पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि महान राष्ट्रीय नायकों के नक्शेकदम पर चलते हुए, उनकी सरकार लोगों से किए गए हर वादे को पूरा करके सभी की भलाई और खुशहाली के लिए ‘रंगला पंजाब’ बनाने की अथक कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब भर में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाकर, युवाओं को रोजगार देकर, खेतों तक नहर का पानी पहुंचाकर, नशीले पदार्थों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़कर और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखकर सशक्तिकरण की इस भावना को बढ़ाया जा रहा है। इस शुभ दिन की कुछ झलकियां साझा करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने X पर लिखा: “आज, 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर, फिरोजपुर में हुसैनीवाला की पवित्र भूमि पर शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी और अन्य राष्ट्रीय नायकों को श्रद्धांजलि दी।

शहीदों के सपनों का ‘रंगला पंजाब’ बनाएंगे : मान

हम शहीदों के सपनों का ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। 69,093 युवाओं को नौकरियां दी गई हैं, राज्य के 88 प्रतिशत खेतों को अब नहर का पानी मिल रहा है और शिक्षा व स्वास्थ्य क्रांति के साथ-साथ, रोड सेफ्टी फोर्स पंजाब के विकास और सुरक्षा को मजबूत कर रही है। आइए हम सब मिलकर पंजाब में शांति और भाईचारे को मजबूत करें। सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। इंकलाब जिंदाबाद।” राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और इस शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों, खासकर पंजाब के लोगों को दिल से बधाई देता हूं। मैं शहीदों की पवित्र भूमि फिरोजपुर को नमन करता हूं, जिसका नाम भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज है। मैं सारागढ़ी की लड़ाई के उन 21 बहादुर सिख शहीदों को भी याद करता हूं, जिनकी याद में यहां ऐतिहासिक गुरुद्वारा सारागढ़ी साहिब सुशोभित है।” हुसैनीवाला के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सतलुज के किनारे बसा हुसैनीवाला हमारे राष्ट्रीय शहीदों की महान विरासत है और यह पवित्र भूमि हमें शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह, शहीद राजगुरु और शहीद सुखदेव के जीवन और बलिदानों की याद दिलाती है।
Exit mobile version