Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

35 घंटे बाद भी ED की कार्रवाई जारी, दूसरी रिहायश से लौट गई टीम

November 5, 2026

35 घंटे बाद भी ED की कार्रवाई जारी, दूसरी रिहायश से लौट गई टीम

ED Raid Continues After 35 Hours at AAP MLA’s Residence : मोगा। आप विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर ईडी की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी है। सीटी रोड स्थित दूसरी रिहायश की जांच के बाद टीम लौट गई, जबकि दसांझा रोड स्थित आवास के बाहर सुरक्षा और बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है। कार्रवाई कब समाप्त होगी, इस पर अभी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

इस बीच जांच से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है। विधायक की दूसरी रिहायश, जो सीटी रोड स्थित एक फ्लैट में है, वहां जांच-पड़ताल करने के बाद ईडी की टीम वापस लौट गई है। हालांकि, इस स्थान से किसी की गिरफ्तारी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, विधायक की दूसरी रिहायश दसांझा रोड स्थित आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी है। इसके अलावा रस्सियां लगाकर भी रास्ते को घेरा गया है। मौके पर मौजूद पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एक तरफ कर दिया है, जिससे कि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की भीड़ या बाधा उत्पन्न न हो। पुलिस की बढ़ती गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था में किए गए बदलावों के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

इस बीच मीडिया से बातचीत करते हुए एडवोकेट वरिंदर रत्तियां ने बताया कि ईडी की ओर से उनसे कुछ दस्तावेज मांगे गए थे, जो इस मामले से संबंधित थे। इन दस्तावेजों में मोगा अदालत और लोकपाल से जुड़े कागजात भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि यह मामला भ्रष्टाचार से संबंधित एक शिकायत का था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया था। उनके अनुसार, जब मामले से जुड़े तथ्य स्पष्ट हो गए थे, उसके बाद शिकायत वापस ले ली गई थी। एडवोकेट रत्तियां ने कहा कि इस मामले को काफी समय बीत चुका है, इसलिए उन्हें इसके सभी तथ्य पूरी तरह याद नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह ईडी की टीम के सामने अंदर नहीं गए थे, बल्कि उन्हें केवल संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाने के लिए संदेश मिला था।

उनके अनुसार, दस्तावेज किसी पेटी या बक्से में रखकर ही उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले करीब 30 घंटे से पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ाई जा रही है। आवास के आसपास बैरिकेड लगाए गए हैं और रस्सियों के जरिए भी घेराबंदी की गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं को भी पीछे कर दिया गया है। मौके पर हुई हलचल को देखते हुए उन्हें ऐसा लग रहा है कि संभवत: छापेमारी की कार्रवाई समाप्त होने की ओर बढ़ रही है, लेकिन इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी उनके पास नहीं है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की टीम अपनी कार्रवाई कब तक पूरी करेगी और जांच के दौरान किन दस्तावेजों या तथ्यों को आधार बनाया जा रहा है। अब सभी की नजरें ईडी की अगली कार्रवाई और आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें