Site icon Dainik Savera Times

मोगा MLA डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के घर 30 घंटे से ईडी की रेड जारी, कोठी के बाहर ‘आप’ कार्यकर्ताओं का धरना

मोगा: आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी लगातार जारी है। पिछले करीब 30 घंटों से चल रही इस कार्रवाई को लेकर मोगा की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विधायक की रिहायश के अलावा छह अन्य स्थानों पर भी ईडी की टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

ईडी की इस कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक की कोठी के बाहर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कार्यकर्ता मंगलवार से ही बड़ी संख्या में कोठी के बाहर एकत्रित होकर धरना दे रहे हैं। खास बात यह है कि रात के समय भी प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त नहीं किया। अंधेरा होने के बाद लाइटों की व्यवस्था करके कार्यकर्ता पूरी रात कोठी के बाहर डटे रहे और ईडी के खिलाफ अपना रोष जताते रहे।

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ-साथ महिला कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हो रही हैं। महिलाओं की ओर से भी लगातार ईडी और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। प्रदर्शन स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगातार बना हुआ है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे इस कार्रवाई को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं।

विधायक के घर के बाहर चल रहे इस धरने के कारण शहर का राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में ईडी की कार्रवाई को लेकर भारी रोष देखने को मिल रहा है। पार्टी नेताओं की ओर से केंद्र की भाजपा सरकार और ईडी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

उधर ईडी की टीमें विधायक की रिहायश सहित अन्य छह स्थानों पर अपनी कार्रवाई में जुटी हुई हैं। फिलहाल जांच से संबंधित आधिकारिक जानकारी और कार्रवाई के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।

विधायक की कोठी के बाहर जारी धरने के दौरान पार्टी नेताओं ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्रतिक्रिया भी दी। आने वाले समय में ईडी की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और इस मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version