Site icon Dainik Savera Times

मोगा में MLA डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के घर ED की छापेमारी, सुबह-सुबह पहुंची टीमें

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/708457.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/708401.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/708381.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/708367-1.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/708354.mp4

मोगा: जिले से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। मोगा विधानसभा हलके से आम आदमी पार्टी की मौजूदा विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के निवास स्थान पर आज सुबह-सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों की ओर से छापेमारी किए जाने की जानकारी मिली है। इस कार्रवाई के बाद जहां राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं आम आदमी पार्टी के वर्कर भी विधायक के निवास स्थान पर पहुंचने शुरू हो गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ED की टीमें सुबह ही डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के निवास स्थान पर पहुंचीं और जांच की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि उनके पहले रह चुके फ्लैटों में भी ED की टीमों की ओर से जांच की गई है। इस कार्रवाई के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी टीमों के साथ मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर उनके घर और संबंधित फ्लैटों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की गई।

उधर ED की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी विधायक के घर पहुंच गए। इस दौरान पार्टी वर्करों की ओर से केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी नीतियों के तहत केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उनका कहना था कि मोदी सरकार की नीतियां गलत हैं और राजनीतिक परिस्थितियों के बीच बौखलाहट में आकर ED की रेड करवाई जा रही है। हालांकि, ये आरोप पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए हैं।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की ओर से कुछ दिन पहले ही वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। इस सूची में मोगा से मौजूदा विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को एक बार फिर पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया था। इसके बाद अब उनके निवास स्थान पर ED की कार्रवाई की खबर सामने आने से राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।

यह भी उल्लेखनीय है कि इससे पहले पंजाब में कई मंत्रियों और विधायकों से संबंधित ठिकानों पर भी ED की ओर से छापेमारी की जा चुकी है। फिलहाल इस पूरी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। ED की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों और जांच के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version