Site icon Dainik Savera Times

ईडी की कार्रवाई को विधायक ने बताया राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश

ED Wraps Up 36-Hour Search at AAP MLA’s Residence : मोगा। आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर करीब 36 घंटे तक चली ईडी की जांच और पूछताछ की कार्रवाई वीरवार को समाप्त हो गई। कार्रवाई के बाद विधायक ने भाजपा पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पूछताछ के दौरान भाजपा में शामिल होने पर मंत्री पद देने का प्रस्ताव भी दिया गया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।

 
 

बुधवार सुबह करीब 4 बजे ईडी की टीम विधायक के आवास पर पहुंची थी। इसके बाद लगातार करीब 36 घंटे तक विधायक और उनके परिवार से पूछताछ तथा विभिन्न ठिकानों पर जांच की गई। वीरवार को पूछताछ और तलाशी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ईडी की टीम वापस लौट गई। ईडी की कार्रवाई समाप्त होने के बाद विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा मीडिया और पार्टी समर्थकों के सामने आईं। उन्होंने कहा कि ईडी की टीम ने उनसे मनी लॉन्ड्रिंग और संपत्ति की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई सवाल पूछे।

उनके मुताबिक मोगा स्थित उनके आवास, निजी अस्पताल, सीटी रोड स्थित फ्लैट, ननिहाल, ददिहाल, बाघापुराना और फरीदकोट सहित अलग-अलग स्थानों पर तलाशी ली गई, लेकिन उन्हें किसी भी स्थान से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद होने की जानकारी नहीं है। विधायक ने आरोप लगाया कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की ओर से घोषित 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में उनका नाम मोगा से शामिल किया गया था। इसके बाद उन्हें डराने और दबाव में लेने के उद्देश्य से ईडी की कार्रवाई की गई।

डॉ. अरोड़ा ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान उन्हें भाजपा में शामिल होने पर मंत्री पद मिलने तक का प्रस्ताव दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी कहा गया कि आने वाले दिनों में वह विधायक और मंत्री बन सकती हैं, लेकिन उन्होंने ऐसे किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “हम अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के सच्चे सिपाही हैं। हमें टिकट, पद या कुर्सी का लालच नहीं है। आम आदमी पार्टी हमारी मां पार्टी है और हम आखिरी सांस तक इसके साथ रहेंगे।” उन्होंने बताया कि ईडी अधिकारियों ने मोगा में पिछले कई वर्षों के दौरान हुई संपत्तियों की खरीद-फरोख्त और कुछ लोगों के साथ उनके संबंधों को लेकर भी सवाल किए।

उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया और अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए। विधायक ने कहा कि तलाशी के दौरान घर के एक-एक कमरे, अलमारियों और अन्य स्थानों की जांच की गई। यहां तक कि बच्चों की मार्कशीट, ड्राइंग, डायरियां और पुराने शिकायत पत्रों से जुड़े दस्तावेज भी देखे गए। उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार पूरी मजबूती के साथ इस स्थिति का सामना करते रहे। डॉ. अरोड़ा ने कार्रवाई के दौरान उनका साथ देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि करीब 36 से 42 घंटे तक उनके परिवार और बच्चों को घर के अंदर रहना पड़ा, जिससे परिवार को परेशानी जरूर हुई, लेकिन वह मानसिक रूप से मजबूत रहे। अंत में उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां जब भी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाएंगी, वह पूरा सहयोग करेंगी। उन्हें न तो किसी जांच से डर है और न ही किसी दबाव के आगे झुकेंगी।

Exit mobile version