मोगा(दलीप कुमार): पर्यावरण संरक्षण और जिले में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ब्लॉक मोगा-1 में जिला स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी शिक्षा गुरदयाल सिंह मठाड़ू ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।
यह पहल भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, चंडीगढ़ तथा स्कूल शिक्षा विभाग पंजाब के राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के संयुक्त प्रयासों से संचालित की जा रही है। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी शिक्षा मोगा आशीष कुमार शर्मा, डिप्टी डीईओ गुरदयाल सिंह मठाड़ू और जिला कोऑर्डिनेटर पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम डॉ. दीपक शर्मा के नेतृत्व में हुआ।
अभियान में डीएमसी अस्पताल लुधियाना के हेड ऑफ मेडिसिन विभाग डॉ. दिनेश जैन ने उल्लेखनीय सहयोग देते हुए 500 से अधिक पौधे उपलब्ध करवाए। पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके इस योगदान की कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अधिकारियों ने प्रशंसा की।
पौधारोपण अभियान के अंतर्गत ब्लॉक के कई सरकारी और निजी स्कूलों में पौधे लगाए गए। इनमें सससस कोकरी कलां (लड़के), स.प.स. कोकरी कलां, सकंससस कोकरी कलां, एसजीटीबी पब्लिक स्कूल कोकरी कलां, स.ह.स. किली चाहलां, स.प.स. किली चाहलां, स.ह.स. कोकरी फूला सिंह, स.प.स. नवां चूहड़चक, सससस अजीतवाल, स.प.स. अजीतवाल तथा होली हार्ट अजीतवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम में बीएनओ चरणजीत सिंह, प्रिंसिपल सुखजीत सिंह, इंचार्ज प्रिंसिपल बेअंत कौर, मुख्य अध्यापक संदीप सिंह, मैडम रुपिंदरजीत कौर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम मोगा-1 पलविंदर सिंह सरां तथा ब्लॉक मोगा-2 के पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर सहित अन्य शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने के लिए भी प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसकी देखभाल करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, ईको क्लब प्रभारियों और शिक्षकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अपने विद्यालयों तथा आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का संकल्प लिया।
ब्लॉक मोगा-1 में आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

