Site icon Dainik Savera Times

सरकाघाट में निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिता आयोजित, 102 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

सरकाघाट: मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के तहत निर्वाचन पंजीकरण कार्यालय, 35-सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की ओर से शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट में उपमंडल स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 102 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सरकाघाट कृष्ण कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवा एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बन सकें।

प्रतियोगिता में सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के दो महाविद्यालयों, दो आईटीआई तथा 24 विद्यालयों के कुल 102 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 45 विद्यार्थियों ने निबंध लेखन तथा 57 विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

एसडीएम ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने के साथ-साथ उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कुमार पठानिया, निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारी मख्तियार चंद, अंग्रेजी प्रवक्ता राहुल सुमन, हिंदी प्रवक्ता निशा, क्लब सदस्य संजय कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version