
पठानकोट: मंगलवार यानि 4 जून को आने वाले चुनाव नतीजों को लेकर उम्मीदवारों के साथ समर्थकों की धड़कनें जहां तेज हो गई है। वहीं इलैक्ट्रॉनिक चैनलों पर चल रहे पूर्वानुमानों (एग्जिट पोल) से भाजपा समर्थकों की जहां बल्ले बल्ले हो गई है वहीं दूसरे दलों के लोग इसे मनगढ़ंत आंकलन बता रहे हैं। इसे लेकर लोकसभा हलका गुरदासपुर के सभी विधानसभा इलाकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
विशेषकर इंटरनेट मीडिया पर जमकर बहस छिड़ गई है। इंडी गठबंधन के समर्थक एग्जिट पोल को महज जनता को गुमराह करने के लिए छोड़ा गया शगूफा बता रहे हैं तो भाजपा समर्थकों का कहना है कि 4 जून को दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। 1 जून, शनिवार को अंतिम चरण का मतदान सम्पन्न होने के बाद से ही प्रमुख खबरिया चैनलों की ओर से परिणाम को लेकर दावा करना शुरू कर दिया है। अधिकतर चैनलों के एग्जिट पोल में भाजपा को प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने के दावे किए जा रहे हैं।
अलग-अलग एजैंसियों द्वारा किए गए आंकलन के अनुसार, भाजपा को 350 से अधिक सीटों पर सफलता मिलने का अनुमान लगाया गया है वहीं आईएनडीआईए (गठबंधन) को 150 सीटों में सिमटने का आकंलन किया जा रहा है। इसे देख भाजपा समर्थकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। मतगणना का समय करीब आते ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज होती जा रही हैं। विशेषकर एग्जिट पोल की ओपिनियन के बाद कुछ प्रत्याशियों की नींद उड़ गई है। हालांकि उनका मानना है कि मंगलवार को सूर्य अस्त होने से पहले हकीकत सामने आ जाएगी।
वहीं बात पंजाब की करें तो जहां एग्जिट पोल में 6 से 8 सीटें कांग्रेस के पाले में दी जा रही हैं। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को 3 से चार, गुरदासपुर तथा होशियारपुर की सीट सहित अन्य दो और सीटों भाजपा के खाते में बताई जा रही हैं। परिणाम आने में अभी कुछ घंटे बाकी है, जिसके लिए उम्मीदवारों के समर्थकों ने फूलों के हारों से लेकर ढोल, बैंड-बाजों तथा ओपन गाड़ियां तथा मिठाईयों के आर्डर भी दे दिये हैं। अब देखना यह होगा कि यह तैयारियां किसके पलड़े में स्टीक बैठती हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...