Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई घोषणा, DC Himanshu Aggarwal ने जारी किए निर्देश

DC Himanshu Aggarwal

DC Himanshu Aggarwal: डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई और आसान शिकायत निवारण सुविधाएं पेश की हैं। उन्होंने बताया कि अब उपभोक्ता अपनी बिजली संबंधित समस्याओं को वट्सएप, मिस्ड कॉल और एस.एम.एस. के जरिए भी दर्ज करवा सकते हैं। इस पहल से उपभोक्ताओं को बिजली सेवा में आ रही समस्याओं के समाधान में और अधिक सुविधा होगी।

-उपभोक्ताओं के लिए टोल फ्री नंबर जारी

डा. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ता सबसे पहले टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर या फिर एस.एम.एस. के माध्यम से ‘नो सप्लाई’ लिखकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा, पी.एस.पी.सी.एल. उपभोक्ता सेवा ऐप का उपयोग कर या टोल फ्री नंबर 1800-180-1512 पर मिस्ड कॉल करके भी अपनी समस्या रिपोर्ट की जा सकती है।

-वाट्सएप के जरिए होंगी शिकायतें दर्ज

विशेष रूप से, डा. अग्रवाल ने यह भी बताया कि अब उपभोक्ता वाट्सएप के जरिए भी अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 96461-01912 पर संदेश भेजने होंगे। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर भी बिजली संबंधित शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं। उपभोक्ता सीधे पी.एस.पी.सी.एल. के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान मांग सकते हैं।

-बिजली आपूर्ति में होगा सुधार

उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए हाल ही में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने पी.एस.पी.सी.एल. अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया कि वे उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें और किसी भी बिजली समस्या का तुरंत समाधान करें।

-DC के अधिकारियों को निर्देश

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिला प्रशासन पी.एस.पी.सी.एल. के अधिकारियों को पहले ही निर्देश दे चुका है कि शहर में लटकी हुई, क्षतिग्रस्त और अनुपयोगी तारों को हटाया जाए या उनकी मरम्मत की जाए, ताकि बिजली की सप्लाई में कोई विघ्न न आए और उपभोक्ताओं को पूरी तरह से सुरक्षित और सुविधा पूर्ण सेवा मिल सके।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे इन नई सुविधाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं को शीघ्र रिपोर्ट करें ताकि उन्हें तत्काल समाधान मिल सके और बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए।

Exit mobile version