पटियाला : पंजाब कर्मचारी और पैंशनभोगी संयुक्त मोर्चा और पंजाब कर्मचारी फोरम की समन्वय समिति के आह्वान पर, पटियाला के सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों, बोर्डों के स्थायी और कैजुअल कर्मचारियों, मानदेय पर काम करने वाले कर्मचारियों और फील्ड कर्मचारियों ने आज सामूहिक छुट्टी ली और अपने-अपने कार्यालयों के सामने इकट्ठा हुए। विरोध मार्च निकालने के बाद, वे डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने एक संयुक्त रैली में शामिल हुए।
इसी तरह, पैंशनभोगी भी बड़ी संख्या में झंडे और बैनर लेकर और जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रैली में पहुंचे। इस रैली में पंजाब अधीनस्थ सेवा महासंघ, राज्य कर्मचारी दल, मिनिस्टीरियल यूनियन, पैंशनभोगी संघ पंजाब, बिजली बोर्ड, जेल विभाग, पंजाब पुलिस आदि, डॉक्टर संघ, नसिंर्ग स्टाफ, मिड-डे मील, आंगनवाड़ी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, डिप्लोमा इंजीनियर संघ, संयुक्त कार्रवाई समिति राजिंदरा अस्पताल और सहयोगी संगठनों जैसे जम्हूरी किसान सभा, फ्रीडम फाइटर 196 आदि के अलावा कई अन्य संगठनों ने भाग लिया।
आज आयोजित विरोध रैली में हरि सिंह टोहरा, दर्शन बेलूमाजरा, बचित्तर सिंह, भिंडर सिंह चहल, दर्शन सिंह लुबाना, गुरमेल सिंह विर्क, संत सिंह चीमा, गुरदीप सिंह वालिया, राज कौर, सुखविंदर सिंह सैनी, डॉ. हरीश मल्होत्रा, करमजीत सिंह भगराना, स्वर्ण सिंह बंगा, जगमेल सिंह और खुशमिंदर ने मांग की कि मुख्यमंत्री बैठकों से भागने के बजाय बातचीत के जरिए मांगों का समाधान करें। रैली के बाद विरोध मार्च निकाला। स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने उन्हें स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह के घर जाने से रोकने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए।
गुस्साए कर्मचारियों और पैंशनभोगियों ने बैरिकेड्स हटा दिए और मंत्री के घर के सामने जाकर जोरदार नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद, जब विधायक अजीतपाल सिंह कोहली अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे पंजाब सरकार से कर्मचारियों और पैंशनभोगियों की मांगें पूरी करवाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद बिजली बोर्ड के हैड ऑफिस पहुंचे और एक विरोध रैली की।

