पंजाब डेस्क: पटियाला जिले में पुलिस और गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े दो शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने हाल ही में राजपुरा क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
राजपुरा फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले राजपुरा में एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर पर बाइक सवार दो युवकों ने गोलीबारी की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। इसके साथ ही कुछ स्थानीय नेताओं और अन्य लोगों को कथित तौर पर धमकियां भी दी गई थीं।
बताया जा रहा है कि इस वारदात की जिम्मेदारी विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर ली गई थी।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
घटना की जांच के दौरान सीआईए स्टाफ और पटियाला पुलिस के स्पेशल सेल को आरोपियों की लोकेशन संबंधी सूचना मिली। इसके बाद राजपुरा रोड-संगरूर बाईपास पर विशेष नाकाबंदी की गई।
इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस का दावा है कि रुकने के बजाय दोनों आरोपियों ने 30 बोर पिस्टल से पुलिस टीम पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह उर्फ पम्मा और जसकरण सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों का संबंध गोल्डी ढिल्लों गैंग से है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें…
हथियार और नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद किए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें हथियार किसने उपलब्ध कराए और वे किन-किन आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। साथ ही उनके अन्य साथियों और गैंग के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।