Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना: सिधवां बेट में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़; 5 हिरासत में, एक आरोपी के पैर और ASI की पगड़ी में लगी गोली

जगराओं: सिधवां बेट इलाके में देहात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो में घूम रहे 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी द्वारा की गई फायरिंग से पुलिसकर्मी की पगड़ी में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को घायल कर काबू किया, जो इस समय सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। घायल की पहचान अमजद मसीह के तौर पर हुई है जबकि उसके बाकी पकड़े गए आरोपियों के नाम साजन मनप्रीत, बलराज और अर्जुन है। अर्जुन के पास से पुलिस को हैंड ग्रेनेड भी मिला है।

एस.एस.पी. डा. अंकुर गुप्ता ने बताया कि सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति स्कॉर्पियो में गांव जंडी के कच्चे रास्ते पर घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की। जब पुलिस ने गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने वहां से गाड़ी भगाने की कोशिश की जिसके चलते पुलिसकर्मी के डंडे से स्कॉर्पियो का शीशा टूट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर रुक गई। इसी दौरान गाड़ी से उतरे आरोपी अमजद मसीह ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली सीआईए स्टाफ के ए.एस.आई. बलविंदर सिंह की पगड़ी को छूकर निकल गई।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी अजमद मसीह के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अर्जुन से एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया। इसकी जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया और ग्रेनेड को निष्क्रि य करने की प्रक्रि या शुरू की गई। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों से 32 बोर की पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं। एस.एस.पी. डा. अंकुर गुप्ता ने बताया कि आरोपियों ने फरारी के दौरान पुलिस को गुमराह करने के लिए अपनी गाड़ी की आगे वाली नंबर प्लेट उतार दी थी,जबकि पीछे वाली नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाई हुई थी।

इसका मकसद यह था कि पुलिस पीछा करने पर भी उनकी पहचान न कर सके। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर एस.एस.पी. डा. अंकुर गुप्ता के साथ एस.पी.डी. हरकमल कौर, डी.एस.पी. (डी) इंद्रजीत सिंह, डी.एस.पी. सिटी जसजोत सिंह, सीआईए स्टाफ इंचार्ज अमृतपाल सिंह, सब-इंस्पैक्टर गुरसेवक सिंह और करमजीत सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ पुलिस की सतर्कता की भी चर्चा है।

लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई न करती तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी। वहीं, आरोपी अर्जुन से जो हैंड ग्रेनेड बरामद किया है, वो बॉर्डर पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सप्लाई किया गया था। हैंड ग्रेनेड के ऊपर लिखे नंबरों से साफ हो रहा है कि वो ग्रेनेड मेड इन पाकिस्तान है।

ये भी पढ़े- होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकले LPG से भरे दो भारतीय जहाज

Exit mobile version