Encroachments Trigger Traffic Jams : मोगा। शहर की सब्जी मंडी में सड़क किनारे रेहड़ियां लगाने और सब्जियां बेचने के लिए जगह घेरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जाम के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से अतिक्रमण हटाकर मंडी में आवागमन सुचारु बनाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
आज हालात ऐसे हैं कि कई बार लोगों को सड़क के बीच से निकलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सब्जी मंडी में खरीदारी करने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सुबह से लेकर दोपहर तक यहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इस दौरान सड़क के किनारों पर रेहड़ियां और सब्जियां बेचने वाले लोगों के बैठने से रास्ता संकरा हो जाता है। इसके चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई बार जाम लग जाता है।
जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगता है। पैदल चलने वालों के लिए भी नहीं बचती जगह मंडी में अतिक्रमण की समस्या केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है। सड़क किनारे रेहड़ियां लगने और सब्जियां सजाकर बेचने के कारण पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। खरीदारी करने आए लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भीड़ के बीच से निकलने में दिक्कत होती है। कई बार पैदल चलने वालों को वाहनों के बीच से रास्ता बनाकर गुजरना पड़ता है। इससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सब्जी मंडी में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क और पैदल रास्तों को अतिक्रमण से मुक्त रखना जरूरी है, लेकिन इस ओर नियमित रूप से ध्यान नहीं दिया जा रहा। रेहड़ियों के कारण रास्ता बाधित होने से मंडी में आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। कार्रवाई के बाद फिर शुरू हो जाता है अतिक्रमण लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से कभी-कभार अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की जाती है। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगी रेहड़ियों और अन्य अवैध कब्जों को हटाया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।
नियमित निगरानी और स्थायी व्यवस्था के अभाव में अतिक्रमण की समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों का कहना है कि केवल कभी-कभार कार्रवाई करने से समस्या का समाधान नहीं हो सकता। इसके लिए नगर निगम को नियमित रूप से जांच करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कार्रवाई के बाद दोबारा सड़क पर कब्जा न हो। लोगों ने की स्थायी समाधान की मांग सब्जी मंडी में खरीदारी करने आने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों और सब्जियां बेचने वालों को हटाया जाए।
साथ ही, मंडी में आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित की जाए, ताकि वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी न हो। लोगों का कहना है कि रेहड़ी-फड़ी लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जा सकती है, लेकिन मुख्य सड़क और पैदल रास्तों पर अतिक्रमण की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। यदि नगर निगम नियमित निगरानी करे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, तो मंडी में जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन लोगों को इस परेशानी से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

