पठानकोट: अमरनाथ यात्रा को लेकर जिले के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, 3 जुलाई से शुरू होने जा रही इस पवित्र यात्रा के लिए लोगों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सिविल अस्पताल में पिछले तीन दिनों से यात्रियों की मैडीकल जांच की प्रक्रिया लगातार जारी है और अब तक लगभग 237 से अधिक श्रद्धालु अपनी स्वास्थ्य जांच करवा चुके हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यात्रा में शामिल होने के लिए प्रत्येक यात्री के लिए मैडीकल फिटनेस प्रमाण पत्र अनिवार्य किया गया है, जिससे स्वास्थ्य की दृष्टि से अयोग्य किसी भी व्यक्ति को कठिन और ऊंचाई पर स्थित यात्र मार्ग में किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसएमओ डा. सुनील चंद ने बताया कि यात्र के लिए मैडीकल फिटनेस बनवाने के लिए सिविल अस्पताल के डाक्टर रोहित भारद्वाज ने साइन करने हैं।
ऐसे में किसी समस्या से पीड़ित व्यक्ति को टैस्ट व ईसीजी अनिवार्य है। वहीं सुबह आठ से दोपहर दो बजे के बीच कभी भी साइन करवाए जा सकते हैं। गौरतलब हो कि हर साल जिले से लगभग 10,000 श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा में भाग लेते हैं। इस बार भी संख्या में इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, और बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्रेशन व मैडीकल जांच के लिए सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं। सिविल अस्पताल में मेडिसिन स्पैशलिस्ट डॉक्टर रोहित भारद्वाज का कहना है कि अगर किसी पेशेंट को बीपी, शुगर या फिर हार्ट की प्रॉब्लम है, तो उनके टेस्ट करवा कर ही उनको फिटनेस सर्टिफिकेट दिया जा रहा है। वहीं 60 प्लस को ईसीजी व अन्य अनिवार्य टैस्ट जरूरी है।
ये भी पढ़ें: SRH vs LSG IPL 2026 : लखनऊ सुपर जाएंट्स ने जीता टॉस, जानें पहले कौन करेगा बल्लेबाजी

