जासूसी मामला: पंजाब के यूट्यूबर जसबीर सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
June 9, 2025
चंडीगढ़। मोहाली की एक अदालत ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार पंजाब के यूट्यूबर जसबीर सिंह को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद सिंह को अदालत में पेश किया गया था। चार जून को गिरफ्तारी के बाद उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया था जिसे बाद में दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया था। सिंह के वकील मोहित धूपर ने कहा कि उसे 23 जून को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
रूपनगर जिले के महलान गांव का रहने वाला जसबीर सिंह उर्फ जान महल (41) एक यूट्यूब चैनल जान महल वीडियो चलाता था जिसके 11 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं। वह यात्रा और खाना पकाने के वीडियो ब्लॉग पोस्ट करता था। सिंह पर पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में न्यायिक हिरासत में भेजी गयी हरियाणा की इंफ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा के साथ निकट संपर्क में होने का आरोप है।
हालांकि, सिंह के परिवार ने कहा कि वह निर्दोष है और दावा किया कि 10 दिनों से अधिक समय तक पुलिस के साथ सहयोग करने के बावजूद उसे गिरफ्तार किया गया। सात जून को यूट्यूबर के वकील ने कहा कि पंजाब पुलिस ने उनके मुवक्किल को 17 मई से 30 मई के बीच तलब किया है। सिंह की गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस ने दावा किया कि उसने एक आतंकवाद समर्थित जासूसी नेटवर्क का पता लगाया है, जो उसे पाकिस्तानी खुफिया और सैन्य अधिकारियों से जोड़ता है। पुलिस ने कहा कि यूट्यूबर कथित तौर पर पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस के लिए जासूसी कर रहा था।
पुलिस ने पहले बताया था कि सिंह एक पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) से जुड़ा हुआ पाया गया था, वह पाकिस्तान उच्चायोग के एक अधिकारी के संपर्क में था, जिसे पिछले महीने जासूसी के आरोप में नयी दिल्ली से निष्कासित कर दिया गया था और उसने पड़ोसी देश की अपनी तीन यात्रओं में से एक के दौरान पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों से मुलाकात की थी। सिंह का संबंध पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा से भी पाया गया जो आतंकवाद सर्मिथत जासूसी नेटवर्क का हिस्सा था।