मोगा: डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने मंगलवार को मोगा की अनाज मंडी का दौरा कर धान की खरीद, उठान, सफाई और किसानों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया के संबंध में उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। किसानों ने उपायुक्त को बताया कि मंडी में उनकी फसल की खरीद समय पर हो रही है और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने किसानों को भरोसा दिलाया कि मंडियों में आने वाले धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। इसलिए किसानों को घबराने या किसी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की फसल की समय पर खरीद और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह गंभीर है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस बार पिछले साल के मुकाबले धान की आवक अधिक हुई है। इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से खरीद प्रक्रिया को सुचारू ढंग से चलाया जा रहा है। त्योहारों के दिनों में धान के उठान की रफ्तार कुछ प्रभावित हुई थी, लेकिन अब उठान प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। मंडियों से खरीदे गए धान को लगातार गोदामों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल की खरीद के साथ-साथ भुगतान के मामले में भी किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में अच्छी तरह सूखा हुआ धान ही लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में तेजी बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने पराली प्रबंधन को लेकर भी किसानों से सरकार और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में खरीद, उठान, साफ-सफाई और पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
11.90 लाख मीट्रिक टन धान की मंडियों में आवक
जिला प्रशासन से प्राप्त बीती शाम तक के आंकड़ों के अनुसार, मोगा जिले की विभिन्न मंडियों में अब तक कुल 11.90 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से 11.49 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि 7 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का उठान भी पूरा हो चुका है। वहीं किसानों को उनकी खरीदी गई फसल के भुगतान के रूप में अब तक 2443 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
📍 Location: मोगा

