Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा : लाल चंद कटारूचक

October 4, 2026

किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा : लाल चंद कटारूचक

कपूरथला : पंजाब के खाद्य, सिविल सप्लाई एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार मंडियों में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कपूरथला की दाना मंडी में धान की खरीद और मंडी प्रबंधों का जायजा लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य भर में 1 अक्टूबर से धान की खरीद शुरू हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि पहले दो दिनों के दौरान प्रदेश में लगभग 97,000 मीट्रिक टन धान की आमद हुई है, जिसमें से करीब 70,000 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को अपनी फसल मंडियों में बेचते समय किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मंत्री ने किसानों, आढ़तियों, मिल मालिकों और अधिकारियों के साथ बातचीत भी की तथा खरीद, लिफ्टिंग, भुगतान, बारदाने और अन्य जरूरी सुविधाओं से संबंधित प्रबंधों का जायजा लिया।

इस अवसर पर कटारूचक ने किसान सुखजिंदर सिंह द्वारा मंडी में लाई गई धान की फसल की खरीद की शुरुआत भी करवाई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस साल मंडियों में बड़ी मात्रा में धान की आमद हो रही है और फसल की गुणवत्ता भी बेहतर है। इस लक्ष्य को सुचारू ढंग से पूरा करने के लिए राज्य की सभी अनाज मंडियों में जरूरी प्रबंध किए गए हैं। कटारूचक ने कहा कि किसानों की फसल का भुगतान पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है और राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि धान की खरीद के लिए जरूरी वित्तीय प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए 42,786 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट मंजूर की गई है। किसानों से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि वे धान की कटाई फसल पूरी तरह पकने और सूखने के बाद ही करें तथा निर्धारित नमी की मात्रा वाला सूखा धान ही मंडियों में लेकर आएं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद सुचारू ढंग से हो सकेगी और किसानों को मंडियों में बेवजह इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कटारूचक ने जोर देकर कहा कि किसानों की फसल की खरीद, लिफ्टिंग या भुगतान में बेवजह देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करने और खरीद से संबंधित सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधानसभा हलका इंचार्ज एडवोकेट करमबीर सिंह चंदी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरपाल सिंह इंडियन, जिला खाद्य एवं सप्लाई कंट्रोलर जसजीत कौर सहित अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें