Site icon Dainik Savera Times

सभी लोग Arvind Kejriwal के साथ, Punjab इकाई पूरी ताकत से न्याय की लड़ाई लड़ेगी: Bhagwant Mann

चंडीगढ़/जालंधर: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब की रविवार को चंडीगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण मीटिंग हुई। इस बैठक में पार्टी के पंजाब के सभी विधायक, प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंसिपल बुध राम, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और डिप्टी स्पीकर जय किशन सिंह मौजूद रहे। बैठक में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी, पार्टी द्वारा राज्य और दिल्ली में विभिन्न विरोध प्रदर्शन, आगामी लोकसभा चुनाव और आचार संहिता लागू होने के बाद भी भाजपा की तानाशाही कार्रवाई जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आप पंजाब इकाई के सभी नेता अरविंद केजरीवाल के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। हम मोदी सरकार की इस तानाशाही और केंद्रीय एजैंसियों के दुरुपयोग का पूरी ताकत से विरोध करेंगे। मान ने कहा कि जनता भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही को खत्म करने के लिए जनता अपने वोट का इस्तेमाल करेगी और उसे करारा जवाब देगी। बैठक का एजैंडा 31 मार्च की महारैली भी थी।

मान ने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन की सभी पार्टियां और नेता रामलीला मैदान में एक साथ आ रहे हैं। सभी विधायकों को 31 मार्च की रैली के लिए पार्टी के वर्करों को दिल्ली ले जाने के लिए कहा गया है। सभी विधायकों को लोक सभा चुनाव में बढ़ चढ़ कर काम करने को कहा गया है और अपने हलकों में पार्टी के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने को कहा है।

Exit mobile version