पंजाब डेस्क: जालंधर शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है। BSF चौक के पास खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी में अचानक धमाका हो गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। धमाका होते ही आसपास के लोगों में डर और अफरा-तफरी फैल गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही धमाका हुआ, स्कूटी से तेज आग की लपटें उठने लगीं। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, एक डिलीवरी बॉय अपनी एक्टिवा बाहर खड़ी करके BSF परिसर के अंदर पार्सल देने गया था। उसी दौरान उसकी स्कूटी में ब्लास्ट हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत इलाके को घेर लिया और आग बुझाने का काम शुरू किया।
फिलहाल धमाके की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
डिलीवरी बॉय से भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती तौर पर शक जताया जा रहा है कि या तो स्कूटी में रखे किसी पार्सल में कुछ संदिग्ध चीज हो सकती है, या फिर कोई तकनीकी कारण से धमाका हुआ हो। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।