होशियारपुर: शहर के मंडियाला गांव के पास एलपीजी से भरे एक टैंकर में विस्फोट हो गया जिसमें 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सड़क पर यूटर्न ले रहे ट्रक को किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी जिससे यह हादसा हुआ। सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस ब्लास्ट के दौरान सड़क से गुजरने वाले लोग भी चपेट में आ गए। एहतियात के तौर पर होशियारपुर जालंधर नैशनल हाईवे को बंद कर दिया गया है। ब्लास्ट में 10:30 बजे एलपीजी से भरे टैंकर के फटने से फैली गैस से पूरा गांव आग के गोले में तबदील हो गया। हादसे में अभी तक करीब 100 लोगों के झुलसने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जहां ट्रैफिक को वहीं रोक दिया और गांव में घरों में लगी आग की चपेट में आए लोगों को निकाल अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। हादसे में झुलसे प्रत्यक्षदर्शी गुरमुख सिंह ने बताया कि यह हादसा टैंकर के किसी वाहन से टकरान के बाद पलट जाने से हुआ। टैंकर के पलटते ही इसमें धमाका हुआ तो लोगों ने समझा कि कोई बम धमाका हुआ है। जैसे ही गैस ने पूरे गांव को अपनी चपेट में लिया तो किसी घर की जल रही आग से पूरा गांव आग के गोले में तबदील हो गया।
ये भी पढ़ें : FY26 के लिए ₹2.01 लाख करोड़ अतिरिक्त खर्च को Lok Sabha की मंजूरी

