Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना में नकली पुलिस अधिकारियों ने व्यक्ति का अपहरण कर लाखों रुपये लूटे, केस दर्ज

लुधियाना: जिले के थाना डिवीजन नंबर-7 क्षेत्र में नकली पुलिस अधिकारियों द्वारा एक व्यक्ति का अपहरण कर उससे लाखों रुपये की लूट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर बैंक खाते से पैसे निकलवाए और बाद में उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

गुरु नानक स्ट्रीट के सामने आईटीआई कॉलेज, गिल रोड निवासी गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 जुलाई को वह निजी काम से पटवारखाना, सेक्टर-32ए, चंडीगढ़ रोड गया था। इसी दौरान संदीप नामक व्यक्ति, जिसने खुद को पुलिस अधिकारी बताया, अपने तीन साथियों के साथ महिंद्रा कार में वहां पहुंचा और उसे जबरन अपने साथ ले गया।

आरोपियों ने पहले गुरप्रीत सिंह को उसके घर ले जाकर उसकी चेकबुक ली। इसके बाद उसे गिल गांव स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा ले जाया गया, जहां धमकाकर उसके बैंक खाते से 2 लाख रुपये निकलवाने की कोशिश की गई। आरोपियों ने उसकी जेब से 22 हजार रुपये नकद भी निकाल लिए। इसके बाद आरोपी उसे माराडो कॉलोनी के पास छोड़कर फरार हो गए और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-7 पुलिस ने संदीप सिंह और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण, लूट, जालसाजी और आपराधिक धमकी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक रणधीर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश व मामले की जांच जारी है।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

Exit mobile version