Fake woman police officer arrested : मोगा। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को पंजाब पुलिस की अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एएसआई की वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र और दो वॉकी-टॉकी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सरताज सिंह चाहल के निर्देशों पर पुलिस की वर्दी और पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत फोकल प्वाइंट पुलिस चौकी के प्रभारी मोहकम सिंह ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार किया। गश्त के दौरान कोटकपूरा बाईपास के पास पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कोमलप्रीत कौर निवासी गांव चंदेवाला मोड़, मल्लांवाला (जिला फिरोजपुर) खुद को पंजाब पुलिस की कर्मचारी बताकर लोगों पर प्रभाव जमाती है।
एएसआई की वर्दी पहन घूमती थी महिला
उसके पास पंजाब पुलिस का फर्जी आई-कार्ड भी है और वह अक्सर पुलिस की वर्दी पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमती दिखाई देती है।सूचना के आधार पर पुलिस ने महिला पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर आईटीआई मोगा के सामने छापेमारी की, जहां से कोमलप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एएसआई की वर्दी, पंजाब पुलिस का फर्जी आई-कार्ड तथा दो वॉकी-टॉकी बरामद किए गए। चौकी प्रभारी मोहकम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल किन-किन मामलों में किया और क्या इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

