Site icon Dainik Savera Times

खेत में जाते समय किसान पर तेजधार हथियारों से हमला, दो भाइयों सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज

मोगा: जिला मोगा के गांव कोकरी कलां में खेतों की ओर जा रहे एक किसान पर कुछ लोगों द्वारा तेजधार हथियारों से हमला कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना कोकरी कलां पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस को दिए बयान में गांव कोकरी कलां निवासी पलविंदर सिंह उर्फ पप्पू पुत्र अमर सिंह ने बताया कि वह अपने ट्रैक्टर पर सवार होकर खेतों की ओर जा रहा था। जब वह लुधियाने वालों की पत्ती के पास पहुंचा तो वहां पहले से ही सुखदीप सिंह पुत्र बलदेव सिंह और उसका भाई गुरदीप सिंह उर्फ दीपे निवासी गांव कोकरी कलां मौजूद थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों आरोपियों ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उसे रास्ते में घेर लिया। इसके बाद उन्होंने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। हमले में उसे चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान और मामले की जांच के आधार पर सुखदीप सिंह, गुरदीप सिंह उर्फ दीपे तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109, 115(2), 3(5), 126 और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की आगामी जांच जारी है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version