Site icon Dainik Savera Times

Punjab News: घर के बाहर सो रहे किसान की बेरहमी से हत्या, पड़ोसियों से हुआ था विवाद

Dasuya Farmer Murder

Dasuya Farmer Murder

Dasuya Farmer Murder: होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र से हत्या का मामला सामने आया है। बता दें कि, गांव थेपड़ा में 52 वर्षीय किसान गुरमेल सिंह की देर रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। किसान अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। सुबह परिजनों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सुबह परिजनों को चला वारदात का पता

जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे गुरमेल सिंह की भाभी परमजीत कौर उन्हें उठाने के लिए बरामदे में पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि चारपाई और बिस्तर खून से सने हुए थे। गुरमेल सिंह के चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। घटना देखकर परिवार के लोगों ने तुरंत गांव के सरपंच और पुलिस को सूचना दी।

एक दिन पहले हुआ था पड़ोसियों से विवाद

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि हत्या से एक दिन पहले पशुओं के भूसे को लेकर गुरमेल सिंह का पड़ोसियों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से जांच रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के भतीजे अमनदीप सिंह के बयान दर्ज किए। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें…

परिवार को नहीं लगी वारदात की भनक

मृतक के भतीजे अमनदीप सिंह ने बताया कि उनके पिता के निधन के बाद चाचा गुरमेल सिंह उनके साथ ही रहते थे। रात के समय वह, उनका भाई और उनकी मां घर के अंदर सो रहे थे, जबकि गुरमेल सिंह बरामदे में चारपाई पर सोए हुए थे। रात के दौरान किसी को भी किसी तरह की आवाज या घटना का पता नहीं चला।

Exit mobile version