Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्ज चुकाने के 30 साल बाद भी किसानों को भेजे जा रहे वसूली नोटिस

November 10, 2026

कर्ज चुकाने के 30 साल बाद भी किसानों को भेजे जा रहे वसूली नोटिस

Farmers Allege Financial Fraud in Maheshri Cooperative Society : मोगा। गांव महेशरी की कोऑपरेटिव सोसायटी के अधिकारियों पर किसानों ने लाखों रुपये के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। किसानों का दावा है कि वर्षों पहले चुकाए जा चुके कर्ज की दोबारा वसूली के नोटिस भेजकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने पिछले 30 वर्षों के रिकॉर्ड की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

 

किसानों का कहना है कि सोसायटी की ओर से गांव के बड़ी संख्या में किसानों को 15, 20 और यहां तक कि 30 साल पहले चुकाए जा चुके कर्ज की दोबारा वसूली के नोटिस भेजे जा रहे हैं। इसके विरोध में सोमवार को किसानों ने कोऑपरेटिव सोसायटी में एकत्रित होकर रोष जताया और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की। इस दौरान किसान तेजा सिंह, बलदेव सिंह, परमजीत सिंह पम्मा और सुखजिंदर महेशरी ने कहा कि सोसायटी के हिसाब-किताब में बड़े स्तर पर अनियमितताएं होने का संदेह है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डिप्टी रजिस्ट्रार को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच करवाने की मांग भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

किसानों ने आरोप लगाया कि जिन किसानों ने वर्षों पहले अपना कर्ज वापस कर दिया था, अब उन्हीं किसानों को दोबारा भुगतान करने के नोटिस भेजकर परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि सोसायटी के पुराने रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच की जाए तो पिछले कई वर्षों के दौरान हुए कथित घोटालों और वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। किसानों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी अपनी कथित गड़बड़ियों पर पर्दा डालने के लिए किसानों पर ही वसूली का दबाव बना रहे हैं। किसानों ने मांग की कि पिछले 30 वर्षों के दौरान सोसायटी में तैनात रहे अधिकारियों के कार्यकाल और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच करवाई जाए। जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी सामने आती है, उनकी संपत्ति तुरंत जब्त कर उनसे गबन की गई राशि की वसूली की जाए।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने विरोध को और तेज करेंगे। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि यदि भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती तो उन्हें गांव में सम्मानित करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर केवल सिंह खालसा, गुरदौर सिंह, गुरविंदर सिंह, जसवंत सिंह, गुरप्रीत सिंह गोपी, बलजीत सिंह सहित अन्य किसान मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें