Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्र और किसानों के बीच मीटिंग का दूसरा चरण आज, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे शामिल

February 22, 2025

केंद्र और किसानों के बीच मीटिंग का दूसरा चरण आज, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे शामिल

Farmers & Central Minister Meeting : किसानों और केंद्र सरकार के बीच दूसरी बैठक आज होने जा रही है। यह बैठक चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी संस्थान में होगी, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी भाग लेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पूरन चंद्र किशन द्वारा जारी पत्र में किसानों से बैठक में शामिल होने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के नेताओं के साथ 14 फरवरी को चंडीगढ़ में हुई पिछली बैठक का ही अगला चरण है।

आपको बता दें कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पूरन चंद्र किशन की ओर से बीते दिन एक पत्र जारी किया गया था, जिसमें उन्होंने लिखा है कि किसान यूनियनों की मांगों को लेकर भारत सरकार और पंजाब सरकार के मंत्रियों के साथ कल 22 फरवरी को शाम 6 बजे महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान पंजाब (MGSIPA), सेक्टर-26, चंडीगढ़ में बैठक होने जा रही है। आप बैठक में सादर आमंत्रित हैं, कृपया नियत समय पर उपस्थित हों। किसानों की ओर से दिल्ली में बैठक की मांग उठाई गई थी, लेकिन बैठक चंडीगढ़ में करने का निर्णय लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि आंदोलनकारी किसान फसलों के लिए MSP पर कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान पिछले साल 13 फरवरी से शंभू और खनौरी सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं क्योंकि सुरक्षा बलों ने उन्हें अपनी फसलों के लिए कानूनी MSP गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली तक मार्च करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। पिछले साल 8, 12, 15 और 18 फरवरी को केंद्रीय मंत्रियों और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच चार दौर की बैठकें हुईं, लेकिन वार्ता अनिर्णायक रही।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें