फतेहगढ़ साहिब : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से अत्तेवाली में जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। मेले में हलका विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब जिले के किसानों ने अपनी मेहनत, सूझबूझ और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का परिचय देते हुए वर्ष 2025 में पराली प्रबंधन के क्षेत्र में पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल किया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसानों के सहयोग से जिला वर्ष 2026 में भी पराली प्रबंधन के क्षेत्र में पूरे पंजाब के लिए मिसाल कायम करेगा।
विधायक राय ने कहा कि पंजाब सरकार ने खरीफ सीजन के दौरान धान की बुवाई और सिंचाई के लिए किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा खेतों तक नहरी पानी उपलब्ध करवाया, जिससे धान की फसल का अच्छा उत्पादन हुआ। उन्होंने किसान मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का जायजा भी लिया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान की पराली को आग लगाने के बजाय आधुनिक कृषि मशीनरी और वैज्ञानिक तकनीकों की सहायता से उसका उचित प्रबंधन करें।
पराली प्रबंधन के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले जिले के 50 प्रगतिशील किसानों, 5 ग्राम पंचायतों तथा 4 फर्मों और किसान उत्पादक संगठनों को विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित किसानों और संस्थाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्य अन्य किसानों को भी पराली का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित करेंगे।

