Site icon Dainik Savera Times

मशरूम खेती पर 6 दिवसीय प्रशिक्षण, किसानों को दिए सहायक व्यवसाय के गुर

Farmers Learn Techniques to Boost Farm Income : अमृतसर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से आत्मा योजना के तहत किसान प्रशिक्षण केंद्र, खालसा कॉलेज में मशरूम की खेती पर 6 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसमें किसानों, युवाओं और महिला किसानों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने मशरूम की विभिन्न किस्मों, कंपोस्ट तैयार करने, बिजाई तथा पराली व ढींगरी मशरूम की खेती की तकनीक की जानकारी दी। इस प्रशिक्षण शिविर में प्रगतिशील किसानों, युवाओं और महिला किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी सरदार अमरजीत सिंह दोसांझ ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ सहायक कृषि व्यवसायों से जोड़ना तथा उनकी नियमित आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि मशरूम की खेती एक लाभदायक सहायक व्यवसाय है, जिसे अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. जसविंदर सिंह, कृषि सूचना अधिकारी, खालसा कॉलेज ने मशरूम की खेती के लिए कंपोस्ट तैयार करने, विभिन्न किस्मों के चयन और बिजाई के अलावा पराली मशरूम तथा ढींगरी (ऑयस्टर मशरूम) की खेती संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उप निदेशक बागवानी, तरनतारन, सरदार तेजिंदर सिंह ने किसानों को बागवानी विभाग के अधीन चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत करवाया।

इसी प्रकार, सुखचैन सिंह, उप निदेशक कृषि ने आत्मा योजना के तहत किसानों को मिलने वाली सुविधाओं तथा विभागीय गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड, सरदार मनजीत सिंह ने कृषि से संबंधित सहायक व्यवसायों को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी, अमृतसर, सरदार अमरजीत सिंह दोसांझ ने प्रशिक्षण में भाग लेने वाले किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर सुखचैन सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, आत्मा; हरजीक सिंह, उप प्रोजेक्ट डायरेक्टर, आत्मा तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

Exit mobile version